बल्लियों के सहारे लाई जा रही केबल
- फोटो : अमर उजाला
टूटकर गिरी एलटी लाइन के करंट से एक युवक की जान चली गई। बचाने के प्रयास में उसकी पत्नी और भाई भी करंट से झुलसकर अचेत हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना एट थाना क्षेत्र के गांव ईगुईकला की है। यहां का सईद खां (42) पुत्र वहीद खां मंगलवार सुबह करीब छह बजे अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान बिजली का तार
टूटकर उसके ऊपर आ गिरा। उसे करंट की चपेट में आया देख पत्नी नफीसा (40) व भाई फिरोज (38) बचाने दौड़े। इस प्रयास में वे भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस कर अचेत हो गए। गांववालों ने लकड़ी के सहारे तार हटाया, लेकिन तब तक सईद की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणाें ने अचेत पड़े देवर, भाभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर
आए थानाध्यक्ष बृजनेश यादव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक सईद के पुत्र शकील ने थाने में बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद
कार्रवाई की बात कही है। इस बाबत बिजली विभाग केे अधिशासी अभियंता रमेश चंद्रा का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में झूल रही एलटी व एचटी लाइनों को दुरुस्त कराया जा रहा है। अगर ईगुईकला में एलटी लाइन से किसी की मौत हुई हैं तो विभागीय नियमों के अनुसार उसे मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।