उरई (जालौन)। ससुराल से वापस जा रहे दंपति की बाइक में लोडर ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी व उसकी बेटी घायल हो गए। राहगीरो ने लोडर चालक को पकड़ लिया और घायल महिला व बच्ची को मेडिकल कालेज पहुंचाया। गंभीर रुप से घायल महिला को झांसी रेफर कर दिया। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
औरैया जनपद के मोहल्ला दलेलनगर निवासी शहनबाज (25) पुत्र शब्बू पत्नी शहनाज बानो (23) व पुत्री एलिस (5) के साथ अपनी ससुराल चुर्खीबाई पास बघौरा मौलाबक्स के घर आए थे। रविवार की दोपहर 12 बजे शहनबाज पत्नी व बेटी को लेकर बाइक से अपने घर औरैया जा रहा था। तभी बघौरा बाईपास, हड्डीमील के पास लोडर चालक ने उसकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी जिससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए और शहनाबाज की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास मौजूद लोगों ने लोडर चालक व लोडर को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पहुंची पुलिस ने घायल महिला व बच्ची को राहगीरों की मदद से राजकीय मेडिकल कालेज पहुंचाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सूचना पाकर रिश्तेदार भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। महिला की हालत गंभीर देखते हुए झांसी रेफर कर दिया गया। परिजनों की बताया कि महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मृतक शहनबाज के रोते बिलखते परिजन- फोटो : ORAI