कोंच। चोरों ने गांव के चौकीदार के भतीजे के बंद घर में धावा बोला। लाखों के गहने और नकदी ले गए। मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव बिरगुवां बुजुर्ग का है। परिवार रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गया था।
बिरगुवां बुजुर्ग निवासी महिला व गांव के चौकीदार की बहू रजनी पत्नी मंगल सिंह ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि 20 नवंबर को वह अपने पति के साथ अपने मायके में चचेरे भाई की शादी में शामिल
होने के लिए घर में ताले लगाकर गई थी। रविवार को वह मायके से वापस अपने घर आई तो देखा कि घर में लगे ताले टूटे हुए पड़े थे और घर का सारा सामान जमीन पर अस्त व्यस्त बिखरा हुआ था।
चोर अलमारी व बक्से में रखी सोने की चार चूड़ियां, दो सोने की अंगूठी, सोने की झुमकी, चांदी की पायलें व 70 हजार नकद व बाइक के कागजात ले गए। रजनी ने चोरी की उक्त घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग
पुलिस से की है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुटी है। मंगल सिंह आंध्र प्रदेश में पानी पूरी का धंधा करता है। आजकल गांव आया हुआ है। वहां से वह जो कुछ कमाकर लाया था उस पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।