जालौन में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मौरंग से लदा ट्रक पलट गया। हादसे में ट्रॉली पर सवार किशोर की मौत हो गई, वहीं उसके किसान पिता की हालत गंभीर है। हादसे के बाद ट्रक का चालक मौके से भाग निकला। हादसे के कारण हाईवे पर काफी देर तक जाम भी लगा रहा।
झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम बैदोरा निवासी रणवीर सिंह बेटे शत्रुघ्न सिंह (17) के साथ गुरुवार की रात करीब एक बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गेहूं के बोरे भरकर उरई की नवीन मंडी में बेचने के लिए आ रहे थे। ट्रैक्टर सवार पिता-पुत्र नेशनल हाईवे स्थित एक होटल के पास से गुजर रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रहा मौरंग से भरा ट्रक उनके ऊपर पलट गया। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों कीं मदद से नीचे दबे पिता-पुत्र को बाहर निकाला। अस्पताल में शत्रुघ्न को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घायल पिता को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मौके से भागे ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने किसी तरह यातायात शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के हाईवे पर पड़े होने के कारण शुक्रवार को भी जाम लगता रहा।