पुलिस लाइन में खुलासा करते एसपी स्वामी प्रसाद
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। आटा थाना क्षेत्र में किशोर की हत्या के आरोपी दोस्त को थाना पुलिस ने मय आला कत्ल के गिरफ्तार करने के बाद अपहरण के मामले में हत्या की धारा बढ़ाकर जेल भेज दिया।
शनिवार को एसपी स्वामी प्रसाद ने पुलिस कार्यालय में बताया कि आटा थाना क्षेत्र के परासन निवासी जयश्रीराम का बेटा मनोज 24 जून की शाम से घर से लापता था। पिता ने गांव के ही दीपक पुत्र भगवान अहिरवार पर अपहरण करने का मामला आटा थाने में दर्ज कराया था। इसके लिए उन्होंने एएसपी, सीओ कालपी व आटा थाना पुलिस को लगाया था। मुखबिर की सूचना पर 28 जून को शाम पुलिस ने आरोपी दीपक को परासन तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से आला कत्ल में दो ईंटें बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपी दीपक ने बताया कि वह व मनोज एक ही बिरादरी के हैं और हमारे घर भी आसपास ही है। हम लोग साथ में जुआ खेलते थे। जुआ खेलने के लिए उसने मनोज से चार हजार रुपये लिए थे। इधर अक्सर रुपये की मांग कर मनोज उसे बेइज्जत करता था। कुछ दिन पहेल इसी बात पर झगड़ा भी हुआ था। फिर बातचीत होने पर वह मनोज को बेतवा नदी किनारे जंगल में स्थित चटेली मंदिर के पास ले गया और फिर अचानक ईंट से उसके सिर पर वार कर दिया था।
जिससे वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर गया था। इसके बाद तब तक ईंट से वार करता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। मरने के बाद उसके शव को नाले के किनारे गड्ढे में रखकर उसके ऊपर मिट्टी और रेत डाल दी। फिर उसी स्थान के ऊपर एक भारी लकड़ी व झाड़-झंखाड़ रख दिया और घर भाग आया। पुलिस ने हत्या की धारा बढ़ाकर आरोपी को जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष जगदंबा दुबे, स्वाट टीम प्रभारी सुदीश कुमार, उप निरीक्षक रामप्रकाश यादव, सिपाही मनोज कुमार, नीतू कुमार, रवि भदौरिया, कर्मवीर सिंह, भूपेंद्र सिंह आदि रहे।