उरई। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल जनपद के समस्त राजकीय व निजी चिकित्सालयों को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए मरीजों के स्वास्थ्य कार्ड बनाने की शुरुआत हो चुकी है। इस कार्ड के जरिए अब मरीज को आयुष्मान से जुड़े अस्पतालों में जाकर डॉक्टर को पहले चले या चल रहे इलाज के बारे में जानकारी देने और फाइल दिखाने के झंझट से राहत मिलेगी। आयुष्मान कार्ड का नंबर डालते ही डॉक्टर मरीज के पूर्व में हुए इलाज, जांच आदि की जानकारी ऑनलाइन पा सकेंगे। इस आधार पर मरीज का इलाज तुरंत शुरू किया जा सकेगा।
जनपद के राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, जिला महिला चिकित्सालय, सीएचसी कोंच, कालपी, कदौरा, रामपुरा, माधौगढ़, नदीगांव, जालौन सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद एवं डकोर को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में पंजीकृत किया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ आशीष कुमार झा ने बताया कि 27 सितंबर 2021 को केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की शुरुआत की थी। जन आरोग्य योजना में शामिल सभी सूचीबद्ध अस्पतालों को डिजिटल मिशन से जोड़ने की प्रक्रिया डीएम के निर्देश पर शुरू की जा चुकी है।
सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा ने बताया कि जनपद में आयुष्मान भारत योजना में शामिल 16 अस्पतालों में से 11 को डिजिटल मिशन से अब तक जोड़ दिया गया है। पांच अन्य अस्पतालों को जोड़ने के लिए निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
----------------
इस तरह ले सकते हैं योजना का लाभ
योजना के प्रभारी डॉ. आशीष व नोडल अधिकारी डॉ. संजीव प्रभाकर ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए कोई भी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकता है। इसके साथ ही टोल फ्री नंबर 1800114477 या 14477 पर भी संपर्क कर पंजीकरण कराने के बारे में जानकारी ली जा सकती है। इसके अलावा आरोग्य सेतु ऐप का उपयोग करके भी आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता बनाया जा सकता है। जिला स्तर पर आयुष्मान के डॉ आशीष के साथ ही को जिम्मेदारी दी गई है।
------------------
यह डाटा देख सकेंगे डॉक्टर
डॉ. आशीष ने बताया कि इस योजना के माध्यम से देश के नागरिकों के स्वास्थ्य कार्ड का डाटाबेस तैयार किया जाएगा। नागरिकों को एक स्वास्थ्य आईडी कार्ड भी प्रदान किया जाएगा। स्वास्थ्य आईडी कार्ड में नागरिकों के स्वास्थ्य का डाटाबेस तैयार होगा। इस डाटाबेस को डॉक्टरों द्वारा नागरिकों की सहमति से ही देखा जा सकेगा। डाटाबेस में नागरिकों के स्वास्थ्य से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां जैसे कि परामर्श रिपोर्ट, चल रहीं दवाइयों का डाटा देखा जा सकता है।