उरई। सैदनगर गांव से एक रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे होमगार्ड को एट-कोंच मार्ग पर अंडा सतोह के पास गोली मार दी गई। गोली पीठ में लगी है। होमगार्ड को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
कैलिया थानाक्षेत्र के सलैया बुजुर्ग निवासी लालता प्रसाद (47) नदीगांव थाना में होमगार्ड हैं। इस समय वह सीओ कोंच के यहां ड्यूटी करता है। रविवार को वह अपनी रिश्तेदारी में कोटरा थानाक्षेत्र के सैदनगर गांव तेरहवीं भोज में शामिल होने गया था। होमगार्ड ने बताया कि देर रात बाइक से कोंच लौटते समय एट-कोंच मार्ग पर अंडा
सतोह के पास फायर की आवाज हुई। उसे पीठ पर दर्द महसूस हुआ लेकिन रुके बिना बाइक चलाते हुए किसी तरह कोंच पहुंचा। वहां साथी पुलिसकर्मियों से कहा कि उसे पीठ पर घाव महसूस हो रहा है। साथियों ने शर्ट उतारा तो देखा कि गोली लगने के घाव से वह लहूलुहान था। अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस ने उसे जिला
अस्पताल पहुंचाया। वहां परीक्षण में गोली के छर्रे लगने की बात बताई गई। सोमवार सुबह छह बजे के करी उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। इस बाबत सीओ कोंच शाहिदा नसरीन का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। घटना की जांच कराई जा रही है। अभी तक किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है।