उरई। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) की ओर से आयोजित जगन्नाथ रथयात्रा सोमवार को उल्लासपूर्ण वातावरण में निकाली गई। इस दौरान हरे कृष्ण हरे राम गूंजता रहा।
बारिश के कारण निर्धारित समय से यात्रा शुरू नहीं हो पाई, लेकिन जैसे ही बारिश थमी तो साढ़े पांच बजे कालपी रोड स्थित श्याम धाम से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व माता सुभद्रा के दिव्य विग्रह रथ पर विराजमान हुए। हरिनाम संकीर्तन, शंखध्वनि, मृदंग और करतालों की मधुर ध्वनि गूंजने लगी। रथ यात्रा शहीद भगत सिंह चौराहा, घंटाघर, इंडियन बैंक होते हुए झांसी रोड स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंची। जगह जगह श्रद्धालुओं ने अपने घरों के बाहर दीपक, रंगोली, पुष्प और तुलसी पत्रों से प्रभु का स्वागत किया।
पूरे मार्ग में विदेशी भक्तों की संकीर्तन मंडली वैदिक धुनों पर नृत्य और कीर्तन करती हुई रथ के साथ चल रही थी। स्थानीय कलाकारों द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तों के माथे पर चंदन, हाथों में घंटियां और मुख पर हरे कृष्ण का जप चल रहा था। इस दौरान मनीष शर्मा, प्रदीप यादव, माधव प्रभु, ऋषभ, दीपक गुप्ता, शरद शर्मा आदि मौजूद रहे। कई भक्तों को रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।