एट। थाना क्षेत्र में सात जुलाई को हुई लूट की वारदात के चौथे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर उत्तराखंड के देहरादून में भी लूट के दो मामले दर्ज हैं।
एट थाना क्षेत्र के कुरकुरु-पचोखरा मार्ग पर सात जुलाई को चार पहिया वाहन सवार बदमाशों ने लक्ष्मी नारायण से लूट की थी। पीड़ित ने 10 जुलाई को थाने में तहरीर दी थी। इसके बाद थाना पुलिस और स्वाट टीम ने 11 जुलाई को घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन व नकदी बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी फरार था।
सोमवार सुबह चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कोटरा पुल से आगे झांसी रोड पर एक संदिग्ध युवक खड़ा है। सूचना पर थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम झांसी जिले के थाना टोढ़ी फतेहपुर के पंडवाहा गांव निवासी स्वतंत्र शर्मा उर्फ बिट्टू बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन और 790 रुपये नकद बरामद हुए।
थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध देहरादून (उत्तराखंड) के दो अलग-अलग थानों में भी लूट के मामले दर्ज हैं। आरोपी को संबंधित धाराओं में न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।