कोंच। साइबर ठगों ने एक किसान के बैंक खाते से नौ हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने किसी को बैंक संबंधी जानकारी या ओटीपी साझा नहीं किया था। इसके बावजूद खाते से रकम निकलने से वह परेशान है।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकनीबा हाल निवासी कृपाल टाकीज के पास रहने वाले ध्रुव कुमार का पंजाब नेशनल बैंक शाखा कोंच में खाता है। उन्होंने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 24 जुलाई को उनके खाते में ऑनलाइन 15 हजार रुपये आए थे। इसमें से उन्होंने छह हजार रुपये स्वयं दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए थे।
आरोप है कि उसी दिन किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल नंबर हैक कर लिया और खाते से शेष नौ हजार रुपये यूटीआर नंबर के माध्यम से अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।
खाते से रकम निकलने का मैसेज मिलने के बाद ध्रुव कुमार बैंक पहुंचे। बैंक कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि संभवतः मोबाइल हैक कर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया गया है। पीड़ित ने पुलिस से साइबर ठग के खिलाफ कार्रवाई करने और रकम वापस दिलाने की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश बहादुर ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)