उरई। जिला अस्पताल में मंगलवार को एक्सरे कराने पहुंचे मरीजों ने नंबर में गड़बड़ी का आरोप लगाकर हो-हल्ला कर दिया। सूचना पर पहुंचे सीएमएस डॉ. आनंद उपाध्याय ने मरीजों व तीमारदारों को समझाकर मामला शांत कराया। उन्होंने टोकन के अनुसार एक्सरे कराने की हिदायत दी।
दरअसल एक्सरे टेक्नीशियन प्रदीप की सीएचसी नदीगांव में संबंद्ध थे। जिला अस्पताल में एकलौते एक्सरे टेक्नीशियन रामेंद्र ही एक्सरे करते थे। उनके अवकाश पर जाने के कारण मरीजों को दिक्कत हो जाती थी। मरीजों को हो रही दिक्कतों को लेकर सीएमएस ने सीएमओ को पत्र लिखकर प्रदीप का नदीगांव सीएचसी से संबद्धीकरण समाप्त कराया। सोमवार को उन्होंने जिला अस्पताल में योगदान आख्या दी। मंगलवार को उन्होंने एक्सरे करना शुरू किया। एक्सरे कराने पहुंचे सिकरी राजा के शिवपाल सिंह व राजकुमार ने नंबर से एक्सरे न करने का आरोप लगाया। इसी तरह कुठौंद से बेटे अंश का एक्सरे कराने पहुंचे जयप्रकाश का कहना था कि एक्सरे स्टाफ मनमाने तरीके से एक्सरे कर रहा है, नंबर व टोकन की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने इसकी शिकायत सीएमएस से कर नाराजगी जाहिर की। सीएमएस ने उन्हें शांत किया और एक्सरे स्टाफ से जाकर नियमानुसार एक्सरे करने की हिदायत दी।