कोंच। नगर में सोमवार को निकली श्रीमद्भागवत कथा की कलशयात्रा में लोगों ने फूल बरसाए। शोभायात्रा में साथ चल रहे श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए।
गहोई भवन में समाजसेवी शंभूदयाल सोनी की ओर से श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व कलशयात्रा निकाली गई। कलशयात्रा का शुभारंभ नगर के प्रसिद्ध सीतानाथ मंदिर से गाजे-बाजे, भक्तिमय जयघोष के साथ किया गया। कलश धारण किए श्रद्धालु महिला-पुरुषों की लंबी कतार ने पूरे नगर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
मुख्य मार्ग से होते हुए कलशयात्रा लवली चौराहा, प्रताप नगर, भुंजरया चौराहा से गुजरती हुई कथा स्थल गहोई भवन पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
कथा परीक्षित शंभुदयाल स्वर्णकार भागवत पुराण सिर पर धारण कर चल रहे थे, उनकी पत्नी गीता देवी भी कलश लेकर साथ चल रही थी। कथा स्थल पर पहुंचने के बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा व्यास मिथलेश दास वृंदावन धाम ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण का महात्म्य समझाया।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, अंजू अग्रवाल, अमित यादव, जयप्रकाश, सुरेश, प्रमोद, अनुराग सोनी, अनुज सोनी, अभय, मीरा देवी रवि कुशवाहा, आनंद सेठ आदि रहे।
लौना में निकली कलश यात्रा, लगे जयकारे
कोंच। तहसील क्षेत्र के ग्राम लौना में सोमवार से श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ को लेकर धूमधाम के साथ कलश यात्रा निकाली गई। गांव में बड़ी माता मंदिर से कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया जो पूरे गांव में भ्रमण करते हुए कथा स्थल पहुंची। कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए चल रही थीं। वहीं, पुरुष जयकारे लगाते हुए भक्तिरस में डूबे नजर आए। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक जीतेंद्र शास्त्री ने कथा के माध्यम से भक्तों को भक्ति, ज्ञान एवं सदाचार का संदेश दिया जाएगा। परीक्षित की भूमिका में रामसखा याज्ञिक उनकी पत्नी ज्योति भागवत पुराण सिर पर धारण कर चल रह थे। इस दौरान रमाकांत, लकी याज्ञिक, संदीप, बबलू कुशवाहा, लक्ष्मीकांत तिवारी, बलवीर पटेल, आदर्श पटेल, विमल पटेल आदि रहे। (संवाद)