नगर में बंद पड़ा प्राथमिक विद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
जालौन। शिक्षामित्रों का सहायक अध्यापक पद से समायोजन रद्द होने से नगर के पांच विद्यालयों में ताला लटक रहा है। इस कारण अभिभावक काफी परेशान हैं। अभिभावकों ने जिलाधिकारी से बंद पड़े विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति कराए जाने की मांग की है।
समायोजन रद्द होने के बाद से नगर के पांच विद्यालयों में ताला लटक रहा है। प्राइमरी पाठशाला बापू साहब के लोकेश पांडेय, प्राइमरी पाठशाला हरीपुरा के नीरज यादव, प्राइमरी पाठशाला फर्दनवीस की मीना वर्मा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय पुरानी के नितेंद्र सिंह और सीनियर बालिका विद्यालय बालमभट्ट की सुनीता वर्मा का समायोजन रद्द होने से विद्यालय में ताला लटक रहा है। इन पांचों विद्यालयों में शिक्षक न होने के कारण छात्रों का भविष्य अधर में पड़ गया है । बच्चों की पढ़ाई बंद होने से अभिभावक परेशान हैं। अभिभावक रामकुमार, मनोज कुमार, संतराम, गजराज, तुलसीराम, मानसिंह, संतोष कुमार का कहना है कि बच्चों को वापस लौटा दिया जाता है। कुछ स्कूलों ने छुट्टी का नोटिस लगा दिया है। अभिभावकों ने जिलाधिकारी से बंद पड़े विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति कराई जाने की मांग की है।
अच्छा भविष्य बनाकर देश के विकास में योगदान दें
रामपुरा। रामपुरा क्षेत्र के ग्राम जागीर के प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को माधौगढ़ क्षेत्र के विधायक मूलचंद्र निरंजन ने बच्चों को ड्रेस बांटी । उन्होंने कहा कि अभिभावकों को केवल बच्चों को समय से स्कूल भेजना है। सरकार सभी आवश्यक सामान उपलब्ध करा रही है। बच्चे मन लगाकर पढ़ें और देश के विकास में योगदान दें । साथ ही उन्होने बताया कि सर्दियों के मौसम मेें बच्चों को जूते मोजे और स्वेटर भी दिए जाएंगे। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील शुक्ला, अवधेश मिश्रा, शिक्षामित्र अनिल चतुर्वेदी, भाजपा के वरिष्ठ नेता रामलखन औधीच्य, नगर अध्यक्ष अजय पुरवार आदि मौजूद रहे।