सिरसाकलार। तहसील जालौन के गांव छानी अहीर में शुक्रवार की सुबह खेतों से निकली हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी गेहूं की फसल में जा गिरी। देखते ही देखते आग ने आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की फसल को भी कब्जे में ले लिया। सूचना पर लगभग ढाई घंटे देरी से पहुंची दमकल की टीम और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने सिरसकलार-बावई संपर्क मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम के समझाने पर लोग माने और लगभग तीन घंटे जाम खोला।
गांव छानी अहीर में शुक्रवार की सुबह 11:30 बजे ग्रामीण राम सनेही के खेत में गेहूं की फसल में आग लग गई। सूचना के बाद ढाई घंटे बाद दमकल टीम पहुंची तब तक रामसनेही की साढ़े सात बीघे, फूल सिंह की एक बीघा, गोपी की दो बीघा, सुद्दु की दो बीघा, गुलाब की ढाई बीघा, करोड़े की ढाई बीघा और शिवचरण की आठ बीघा समेत कुल 26 बीघा फसल जल गई। दमकल की टीम के देर से आने और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। सूचना पर थाना पुलिस और तहसीलदार ने समझाने का प्रयास किया। पर ग्रामीण मानने को राजी नहीं थे। इस पर थोड़ी देर बाद एसडीएम अंकुर कौशिक भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बिजली विभाग के जेई नवीन को बुलाकर तुरंत बल्लियों पर टिकी हाईटेंशन लाइनों पर खंभे लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और लगभग तीन घंटे बाद जाम खोला। लेखपाल कृषबाबू खरे ने बताया कि 26 बीघा फसल जली है। 200 क्विंटल गेहूं की फसल का नुकसान हुआ है। जेई नवीन कुमार ने बताया कि एस्टीमेट तैयार करके भेजा जा रहा है। जल्द ही बल्लियों को बदलवाकर खंभे लगवाए जाएंगे।
-------------
बल्लियों पर एचटी लाइन के तार लटक है
एसडीएम के सामने ग्रामीणों ने बताया कि गांव के खेतों में खंभों पर नहीं बल्कि बल्लियों पर हाईटेंशन लाइन लटक रही है। ऐसे में तार खेतों में नीचे लटकते रहते हैं। खेतों में काम कर रहे किसानों को हमेशा हादसे का डर सताता रहता है। कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग की ओर से समाधान नहीं कराया गया है। आज इतना बड़ा किसानों का नुकसान हो गया।
------------------------
फोटो-17-ट्रांसफार्मर की चिंगारी से खाक हुई गेहूं की फसल। संवाद
चिंगारी से चार बीघा गेहूं की फसल जली
कोंच। जुझारपुरा में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी गेहूं की फसल पर गिरी और देखते ही देखते चार बीघे की गेहूं की फसल जल गई।
क्षेत्र के ग्राम जुझारपुरा निवासी किसान रामकिशोर के खेत में गेहूं की फसल थ्रेसिंग के लिए कटी हुई रखी थी। ट्रांसफार्मर से अचानक निकली चिंगारी फसल पर जा गिरी और चार बीघे का 25 क्विंटल गेहूं पूरी तरह जल गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी मिलते ही लेखपाल पीयूष वर्मा ने मौके पर जाकर अपनी जांच रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को सौंप दी है। किसान रामकिशोर के मुताबिक आग की घटना से करीब 50 हजार रुपये के आर्थिक नुकसान का अनुमान है। (संवाद)