इकौना जंगल में आग से जले पेड़ पौधे
- फोटो : ORAI
कदौरा (जालौन)। क्षेत्र के इकौना गांव के जंगल में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। आग की ऊंची लपटे देख कर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों व फायर बिग्रेड कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक चार बबूल के पेड़ व जंगल के बगल में किसानों के खेतों में बोई गई पांच बीघा गेहूं की फसल जल गई।
शनिवार रात इकौना गांव में दानी बाबा के प्रसिद्ध स्थान के पास जंगल में ग्रामीणों ने आग की लपटें देखी गईं तो तत्काल इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों व फायर बिग्रेड को दी गई। सूचना पर पहुंचे वन विभाग कर्मियों एवं फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस बीच आग से बबूल के पेड़ों के साथ इकौना के किसान मनफूल की एक बीघा की गेहूं की फसल, घनश्याम व स्वामीदीन की आधा-आधा बीघा गेहूं की फसल, रतिया देवी की दो बीघा की गेहूं की फसल भी जल गई।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी विकास राय ने बताया कि अराजक तत्वों ने चने आदि भूंजा था। इसकी चिंगारी से आग लग गई। समय से सूचना मिलने पर कम नुकसान हुआ। बताया कि आग से करीब दो बीघा के करीब जंगल को क्षति पहुंची है। जांच टीम गठित कर जांच करवाई जाएगी।