कदौरा/ कालपी। खेतों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से खेत मे कटी रखी मटर, चना और लाही की फसल में आग लग गई। काफी मशक्कत के बाद किसानों ने आग पर काबू पाया। तब तक पांच बीघा खेत की फसल जलकर खाक हो गई।
थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमरा बावनी निवासी किसान मोहनलाल के खेत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन के तार बुधवार दोपहर आपस में टकरा गए। इससे निकली चिंगारी खेत में कटी रखी फसल पर गिरी जिससे आग लग गई। तेज हवा के चलते देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। खेतों पर मौजूद किसानों ने पास में ही लगे ट्यूबवेल से पानी लेकर आग पर काबू पाया। आगजनी से किसान का लगभग डेढ़ लाख का नुकसान हो गया है। वहीं कालपी कोतवाली क्षेत्र के उसरगांव निवासी किसान रामेश्वर कुशवाहा के खेत में कटी रखी बेझर की फसल में संदिग्ध हालात में बुधवार को आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग से किसान का लगभग 50 हजार का नुकसान हो गया। (संवाद)