आटा। क्षेत्र में करीब 600 से अधिक अन्ना मवेशियों का झुंड दिन रात किसानों की बोई हुई खरीफ की फसलों को पैरों तले रौंदकर बर्बाद कर रहे हैं। इन अन्ना मवेशियों के झुंड से किसान इतना परेशान हैं कि किसान फसल बचाने के लिए दिन रात खेत पर रखवाली कर रहे हैं, फिर भी वह अपनी फसलों को बचा नही पा रहे हैं।
प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी क्षेत्र के किसानों को अन्ना समस्या से मुक्ति नहीं मिल रही है। आए दिन अन्ना मवेशी किसानों की फसलों को बर्बाद कर हैं। इस वक्त क्षेत्र की अधिकांश गोशालाएं बंद हैं। आटा के किसानों ने बताया कि इस समय फसल में फूल पर आ गए हैं पर अन्ना मवेशियों का झुंड खेत में घुसकर खड़ी हुई फसलों को पैरों से रौंद कर नुकसान पहुंचा रहे हैं। आटा के किसानों का कहना है कि दिन रात रखवाली कर रहे हैं, जरा सा मौका पाकर अन्ना मवेशियों का झुंड खेतों में घुसकर फसलों को तहस नहस कर रहे हैं। बता दें कि आटा अकोढ़ी रोड स्थित कृष्णा गोशाला में कभी कभार जानवरों को बंद किया जाता हैं। जिससे किसानों के सामने एक बार फिर अन्ना बड़ी समस्या बन गया है। बीडीओ अतिरंजन सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधान से कहकर गांव में मुनादी के लिए बोल दिया गया है। जिसने भी अपने जानवरों को अन्ना छोड रखा है, वह अपने जानवर बांध लें नहीं तो प्रशासन की तरफ से कड़ी कार्रवाई की जाएंगी।
किसान आंनद तिवारी ने बताया कि हमने करीब 30 बीघा में तिलहन बोई है और इस समय तिलहन की फसल में फूल पर आ चुके हैं, मगर अन्ना जानवर फसल को रौंद रहे हैं, जिससे खड़ी हुई फसल टूटकर बर्बाद हो रही है। अन्ना जानवर हमारी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं।
किसान प्रदीप तिवारी का कहना है कि हमने करीब 50 बीघा में खरीफ की फसल बोई है, अन्ना जानवरों से बचाने के लिए खेत पर जाकर रखवाली करते हैं, मगर आटा में अन्ना जानवर तादात से ज्यादा है, जैसे ही हम अपने खेतों से जानवरों को हांकते है वहीं पर दूसरे खेत का किसान लड़ाई पर आमादा हो जाता है।
किसान प्रदीप तिवारी- फोटो : ORAI
सड़क पर बैठा अन्ना मवेशियों का झुंड- फोटो : ORAI
आटा क्षेत्र के खेतों में फसल चरते अन्ना मवेशी- फोटो : ORAI