उरई। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का पर्चा लीक होने से परीक्षा रद्द होने से सभी परीक्षा केंद्रों पर अफरातफरी रही। कई केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने हो-हल्ला मचाया। कोंच रोड स्थित एसआर महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर खासा हंगामा हुआ। यहां परीक्षार्थी बैठे रहे, लेकिन पर्चा नहीं बांटा गया। थोड़ी देर बाद परीक्षा रद्द होने की घोषणा कर दी गई।
इससे आक्रोशित परीक्षार्थियों ने नारेबाजी कर हंगामा शुरू कर दिया। इस पर वहां मौजूद पुलिस फोर्स और कालेज स्टाफ ने परीक्षार्थियों को समझा बुझाकर शांत कराया। वहीं, आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आने से यातायात व्यवस्था भी चरमराई रही। शहर में लोगों को दिन में कई बार जाम का सामना करना पड़ा।
जिले के 35 केंद्रों पर रविवार को टीईटी होनी थी। परीक्षा के दौरान चाक चौबंद व्यवस्था के लिए लगभग 10 हजार अधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। परीक्षा देने के लिए जिले के अलावा झांसी, हमीरपुर, महोबा व औरैया आदि जिलों के परीक्षार्थी आए थे। दोनों पालियों में होने वाली परीक्षा में 28809 परीक्षार्थी शामिल थे। तकरीबन सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी काफी देर तक कक्ष में बैठे चुके थे। कुछ केंद्रों पर पर्चा बंट गया था और कुछ में बंटने वाला था। इसी बीच पर्चा लीक होने की सूचना पर परीक्षा रद्द कर दी गई। इससे परीक्षार्थियों में अफरातफरी मच गई। आक्रोशित परीक्षार्थियों ने हंगामा कर नाराजगी जताई। परीक्षा को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था भी गड़बड़ाई रही, शहरी लोग जाम से जूझते रहे।
उधर, डीआईओएस भगवत पटेल का कहना है कि शासन के आदेश पर जिले में भी परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब नया आदेश आने पर उसी के अनुसार परीक्षा दोबारा होगी। जिले में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में साल्वर पकड़े जाने के बाद शासन ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया है।