उरई। इमाम हुसैन के चेहल्लुम के मौके पर रविवार दोपहर शिया समुदाय का कदीमी अलम का जुलूस मोहल्ला मोहनपुरा स्थित बारगाहे बाबुल मुराद से निकला जो शहर के सभी इमामबाड़ों व इमाम चौकों से होकर देर शाम बजरिया रोड पहुंचा जहां बच्चों, युवाओं व बुजुर्गों ने मातम किया।
चेहल्लुम पर दर्जन भर जगहों पर मजलिसें भी हुई। मोहल्ला मोहनपुरा स्थित बारगाहे बाबुल मुराद में आयोजित मजलिस में मौलाना इमरान मिर्जा लखनवी ने खिताब फरमाया। इसके बाद मौला अब्बास का अलम बड़ी ही शान से उठा जो जुलूस की शक्त में विभिन्न रास्तों से होता हुआ देर शाम बजरिया रोड पहुंचा। जहां से बच्चों, युवाओं व बुजुर्गों ने मातम किया। जुलूस की अगुवाई अधिवक्ता युसुफ इश्तियाक, इमामे जुमा मौलाना अकबर अली नजफी, आशिक, चुन्ना, इशरत अली, शबाब हुसैन, चांद मिया, लाल मियां, अली अख्तर आब्दी,हैदर अब्बास, शाने हैदर आदि मौजूद रहे। सरावन में निकाले गए ताजिया जुलूस में ताहिर, आरिफ मंसूरी, मुन्ना के साथ थाना पुलिस भी मौजूद रही।
नम आंखों से निकला चेहुल्लम के ताजियों का जुलूस
कदौरा। कस्बे के मोहल्ला गाड़ी खाना से चेहुल्लम के ताजियों का जुलूस निकला, जो कस्बे के बाजार सब्जी मंडी इलाहाबाद बैंक, बस स्टैंड होकर कर्बला में रखा गया। जगह-जगह जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने स्टाल लगाकर लोगों ने शरबत व हलवा आदि का लंगर दिया। जुलूस भ्रमण में अकीदतमंदों ने या हुसैन या हुसैन के नारे लगाए और नम आंखों से कर्बला में सुपुर्दे खाक किया। जुलूस में कल्लू कामरेड, रंजे खान, फि रोज बाबा, वाहिद खान, शरीफ खान, सुल्तान अली आदि मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थानाध्यक्ष जितेंद सिंह भारी फोर्स के साथ रहे।
अकीदत के साथ कर्बला में दफन हुए ताजिए
जालौन। चेहल्लुम के अवसर पर नगर में ताजियों को शनिवार की रात 12 बजे नगर में विभिन्न मार्गों से होकर घुमाया गया। इसके बाद रविवार को दोपहर 12 बजे सभी 11 ताजियादारों द्वारा अपने अपने ताजियों को तकिया स्थित मैदान पर एकत्रित किया गया। जहां से सभी ताजियों को दीपक मित्तल की गली से होते हुए नत्थू चौराहा, बंबई वाले मंदिर होते हुए झंडा चौराहे पर एकत्रित किया गया। इसके बाद शाम 4 बजे उन्हें पत्थर वाली गली से बंबई वाले मंदिर के रास्ते होकर चुंगी नं 4 पर कर्बला शरीफ के लिए रवाना किया गया। जहां ताजियादार याकूब शाह तोपखाना, शमशाद हिरदेशाह, कुतबुद्दीन, गुलशे, खलील, बाबू मंसूरी बजरिया, शकूर मंसूरी नारोभास्कर, बाबू शाह नजरबाग, दीनअली शाह कछोरन एवं शरीफ काशीनाथ ने सभी ताजियों को अकीदत के साथ कर्बला शरीफ के मैदान में दफन किया।
ताजियों के साथ निकाला मातमी जुलूस
कोंच। रविवार को नगर में चेहल्लुम पर हजरत इमाम हुसैन की याद पर मातमी धुन जुलूस निकाला गया। ताजिया जुलूस शनिवार की रात चंदकुंआ चौराहा से उठा और सागर तालाब, रामगंज बाजार, नईबस्ती तिराहा, लवली चौराहा, स्टेट बैंक होता हुआ अपने-अपने चौकों पर जा पहुंचा। 20 की सुबह ताजिया जुलूस अपने-अपने चौकों से उठकर पावर हाउस पहुंचा। देर रात नम आंखों से ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इस दौरान जुलूस के साथ चल रहे शहर काजी वशीरउद्दीन, हाजी मेंहदी, विज्ञान विशारद सीरौठिया, जफर,जावेद आदि चल रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले एसडीएम अशोक कुमार, सीओ शीशराम सिंह, कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी पुलिस बल को दिशा निर्देश देते हुए ताजिया जुलूस के साथ चल रहे थे।
उरई में शिया समुदाय के लोग चेहल्लुम पर अलम जुलूस निकालते- फोटो : ORAI
जालौन में चेहुल्लल ताजिया निकालते अकीदमद- फोटो : ORAI