जालौन तहसील में बन रहे पिंक पोलिंग बूथ में कलर करता कर्मचारी।
- फोटो : ORAI
जालौन। महिलाओं को मतदान के लिए आकर्षित करने के लिए नगर में दो स्थानों पर पिंक पोलिंग बूथ बनाए जा रहे हैं। इसके लिए प्रशासन की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई हैं। इन बूथों पर रंगाई-पुताई का काम शुरू कर दिया गया है। नगर को भी दो पिंक पोलिंग बूथ मिले हैं। जिनमें पहला पिंक पोलिंग बूथ तहसील परिसर में भाग संख्या 39 एवं दूसरा कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय मुरलीमनोहर में बनाया जा रहा है।
इन बूथों पर कार्य शुरू कर दिया गया है। जिनमें सर्वप्रथम बूथ पर पिंक कलर का पेंट कराया जा रहा है। ताकि इन बूथों को महिलाएं दूर से ही पहचान सकें। चुनाव आयोग के निर्देश पर इन पिंक बूथों की खासियत यह होगी कि पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय के साथ अन्य सभी कर्मचारी महिलाएं ही होंगी। नायब तहसीलदार आलोक कटियार ने बताया कि नगर में बनाए जा रहे दो पिंक बूथों पर पूरी कमान महिला चुनाव कर्मियों के हाथ में ही होगी। इन बूथों पर भव्य सजावट भी की जाएगी। (संवाद)