कदौरा। कूड़ा निस्तारण के लिए नगर पंचायत का मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ ) एक साल में पूरा नहीं हो सका। नतीजतन घरों, दुकानों से रोजाना निकलने वाला लगभग 10 क्विंटल कूड़ा सड़क व सार्वजनिक स्थानों पर डंप है। इससे लोगों में संक्रमण बीमारियां फैलने का भी डर है।
एक साल पहले नगर से निकले वाले कचरे के निस्तारण के लिए नगर पंचायत ने कांशीराम कालोनी के पास जगह चिह्नित करके करीब 40 लाख रुपये की लागत से एमआरएफ सेंटर का निर्माण कार्य शुरू कराया था। एक साल बीतने के बावजूद एमआरएफ सेंटर का निर्माण पूरा नहीं हो सका। ठेकेदार की लापरवाही और अधिकारियों की उदासीनता के चलते कई बार काम बंद हो चुका है। चुनाव के दौर में ही लगभग डेढ़ माह तक काम रुका रहा था। नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि एमआरएफ सेंटर का निर्माण कर रहे ठेकेदार को 10 अप्रैल तक कार्य पूर्ण करने के आदेश दिए हैं। अन्यथा प्रतिदिन 500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।