कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम ताहरपुर में मंगलवार दोपहर सीसी सड़क पर मवेशी बांधने और नाली में गंदगी बहाने को लेकर हुए विवाद में ग्रामीण ने बुजुर्ग के गुप्तांग पर लात मार दी। इससे बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम ताहरपुर निवासी सगनू राईन (70) का पड़ोसी जगराम कुशवाहा अपने घर के बाहर बनी सीसी सड़क पर भैंसें और बकरियां बांधता था। आरोप है कि वह मवेशियों की गंदगी नाली में बहा देता था, जिसका सगनू राईन कई बार विरोध कर चुके थे। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जगराम सड़क पर भैंसों को नहला रहा था और गंदगी नाली में बहा रहा था। इसी बात को लेकर सगनू राईन और उनके पुत्र हबीबुल्ला ने विरोध किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि जगराम कुशवाहा लाठी लेकर दोनों पर हमले के लिए दौड़ा। इसी दौरान सगनू राईन सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। इसी दौरान जगराम ने उनके गुप्तांग में लात मार दी। परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि सगनू राईन सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके चार पुत्र मुफीद, तौफीक, रशीद और हबीबुल्ला हैं।
वृद्ध की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मुफीद की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीओ राजेश कमल का कहना है कि भैंस बांधने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, इसी में वृद्ध की मौत हुई है। प्राथमिकी दर्जकर ली गई है।
इनसेट
एक सप्ताह से ज्यादा हो गया था विवाद, देख लेने की दी थी धमकी
कदौरा। एक सप्ताह पहले भी सगनू और जगराम में विवाद हो गया था। इसमें जगराम द्वारा सगनू को देख लेने की बात कही गई थी। परिजनों के मुताबिक मंगलवार को जैसे ही सगनू ने विरोध किया तो जगराम आपा खो बैठा और लाठी लेकर पहुंचा और सीधे वार करने लगा। जब सगनू नीचे गिर गए तो आरोप है कि जगराम ने सगनू के गुप्तांग में लात मार दी, इससे वह फिर नहीं उठ सके और उनकी मौत हो गई।
फोटो - 10 मृतक के घर गमगीन बैठे परिजन व अन्य लोग। संवाद