उरई। बुंदेलखंड के साहित्यकारों, कवियों व लेखकों की पुस्तकों को प्रकाशन के लिए नई दिल्ली के प्रकाशक राहुल भारद्वाज के यश पब्लिकेशंस के बीच 20 साहित्यकारों की पुस्तकों का अनुबंध किया गया है। इन पुस्तकों का विमोचन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के कुलपति डॉ. मुकेश पांडेय एवं डॉ. जेएस राजपूत 24 से 26 मार्च को झांसी में करेंगे। जिसमें डीआईओएस भगवत पटेल का काव्य संग्रह मुल्क मंजरी का भी अनुबंध उक्त प्रकाशक के साथ कराया गया है।
बताते चलें कि इसके लिए मंडलायुक्त डॉ. अजय शंकर पांडेय की ओर पहल की गई थी। मंडलायुक्त ने भगवत पटेल की पुस्तक का अनुबंध पत्र एवं रॉयल्टी की प्रथम किश्त 2100 रुपये का चेक प्रदान किया। इस काव्य संग्रह में भगवत पटेल द्वारा शैक्षिक एवं सामाजिक परिवेश के साथ साथ मानव मूल्यों पर आधारित सामाजिक सरोकारों को परिभाषित करने वाली तथा संदेश देने वाली 50 कविताओं का संग्रह है। इस काव्य संग्रह में एक लघु खंड काव्य के रूप में मनुशाला को भी शामिल किया गया है।