मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते बीकेडी स्कूल के प्रबंधक व शिक्षक।
- फोटो : ORAI
उरई/कालपी। डिग्री कालेजों में शनिवार को शासन से प्रदत्त टैबलेट क वितरण किया गया। टैबलेट पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। उरई के डीवी कालेज में शासन से प्राप्त टैबलेट का वितरण किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश चंद्र पांडेय ने एमएससी द्वितीय वर्ष के सभी विषयों के छात्र-छात्राओं को वितरित किया। कहा कि शासन की इस योजना का लाभ छात्र-छात्राओं को मिलेगा।
कालपी संवाद के अनुसार, कालपी कालेज में वितरण कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ. सुधा गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में शासन की ओर से महत्वपूर्ण योजना चलाई जा रही है। योजना के तहत प्रत्येक छात्र-छात्रा के हाथ में टैबलेट, स्मार्टफोन उपलब्ध होगा। वैश्विक युग में संचार माध्यम से शिक्षा ग्रहण होगी।
वरिष्ठ शिक्षक धर्मेंद्र पाल सिंह ने बताया कि यह वर्ष महाविद्यालय का स्वर्ण जयंती वर्ष होने के कारण आजादी के अमृत महोत्सव पर्व के भारत के शासन के दिशानिर्देश में छात्र- छात्राओं को डिजिटल युग में सक्षम बनाने के उद्देश्य की पूर्ति के लिए टैबलेट दिए जा रहे हैं। नोडल अधिकारी सोमचंद चौहान, सहायक नोडल अधिकारी मुकेश कुमार ने टेबलेट का वितरण किया। इसमें एमए द्वितीय वर्ष हिंदी, राजनीति शास्त्र, गृह विज्ञान, शिक्षाशास्त्र,अंग्रेजी के कुल 36 छात्र-छात्राओं को टैबलेट का वितरण किया।