उरई। बिजली विभाग के मेगा कैंप में गुरुवार को सबसे ज्यादा बिलों के संशोधन को लेकर लोग पहुंचे। कई उपभोक्ताओं का कहना था कि कभी 150 से 200 रुपये बिल आते थे। वह अब एक हजार रुपये तक उन्हें भरने पड़ रहे हैं।
शहर के बस स्टैंड निवासी गौरव कुमार बिजली विभाग के मेगा कैंप में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। बताया कि कुछ समय पहले तक एक महीने का दो से ढाई हजार रुपये बिल आता रहा है, लेकिन एक साल से साढ़े तीन हजार से चार हजार रुपये का बिल आ रहा है। विभाग ने दलील दी कि उनके बिल में पेनाल्टी जुड़ रही है, जिसके बाद उपभोक्ता ने लोड बढ़वाया।
इधर, आटा क्षेत्र के अमीसा निवासी वीरपाल ने बताया कि 15 साल पुराने कनेक्शन पर पहले 150-180 रुपये तक का बिल आता था। अब 900 रुपये तक आ रहा है जबकि, उनके घर में इतने उपकरण भी नहीं हैं कि बिजली की खपत हो। बताया कि खेती कर जैसे-तैसे गुजारा कर रहे हैं, विभाग से राहत की मांग की।
कोंच में नया पटेन नगर निवासी कृष्ण पाल सिंह कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल 800 से बढ़कर 3500 रुपये तक पहुंच गया। पहले भी शिकायत की,लेकिन सुनवाई कुछ नहीं हुई। बताया कि इतनी तेजी से मीटर चल रहा है कि एक बल्व और पंखे का बिल इतना आ रहा है।
उरई के कालपी रोड बिजली घर पर आयोजित शिविर में अधीक्षण अभियंता नंदलाल, अधिशासी अभियंता जितेंद्र नाथ व एसडीओ ऋषभ राजपूत ने उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं। अधीक्षण अभियंता नंदलाल ने बताया कि जिले में कुल 403 शिकायतें दर्ज की गईं और 24 लाख रुपये से अधिक का राजस्व वसूला गया। सर्वर की समस्या के कारण कई शिकायतें मैनुअली दर्ज की गईं जिन्हें बाद में ऑनलाइन अपलोड किया गया।
जालौन के ग्राम मदारीपुर में हुए विद्युत मेगा कैंप में लखनऊ से आए अधीक्षण अभियंता मनीष द्विवेदी की अध्यक्षता में 60 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 40 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष 20 पर कार्रवाई चल रही है। इधर एट में एसडीओ सूरज सोनी द्वारा आयोजित शिविर में कुल 41 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 21 का मौके पर निस्तारण हुआ।
उपभोक्ताओं ने बताया कि नए लगाए गए स्मार्ट मीटरों में हर माह 3500 से 4000 रुपये तक बिल आ रहा है, जबकि पहले 1500-2000 रुपये आता था। आटा क्षेत्र के ग्राम इटौरा में शिविर के दौरान 65 शिकायतें दर्ज की गईं। 17 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया जबकि 44 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए और 3.20 लाख रुपये की वसूली की गई।
उधर सरावन में शाला माता मंदिर परिसर में शिविर में कम लोग पहुंचे लेकिन फिर भी 47 उपभोक्ताओं की समस्याएं हल की गईं। 1.12 लाख रुपये की वसूली के साथ-साथ 35 बिल संशोधित किए गए और 10 मीटर बदले गए। कोंच के चंदकुआं उपखंड कार्यालय पर हुए शिविर में 45 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से सात का मौके पर समाधान हुआ।