जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे होकर बांदा से इटावा मंदिर दर्शन के लिए जा रही कार का पिछला टायर फट गया। जिससे कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बांदा जिले के अलीगंज मोहल्ला निवासी कार चालक आदर्श त्रिपाठी (28) की मौरंग की खदानें हैं। वह अपने दोस्तों प्रेमप्रकाश (25), मोहित (27), अजय शिवहरे (28), सौरभ (28) व आकाश गुप्ता के साथ शुक्रवार दोपहर बांदा से इटावा दर्शन के लिए जा रहे थे। सभी दोपहर करीब एक बजे घर से निकले। शाम करीब चार बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 220 थाना कुठौंद के पास कार पहुंची, तभी अचानक पिछला टायर फट गया।
इससे कार चला रहे आदर्श त्रिपाठी संतुलन नहीं रख सके और गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार सभी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से निकल रहे राहगीरों ने हादसे की सूचना यूपी 112 को दी। सूचना पर पहुंची एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस से सभी घायलों को नजदीक सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने आदर्श त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया। जबकि, अन्य सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। मृतक आदर्श की डेढ़ माह पहले शादी हुई थी।