कुठौंद (उरई)। थाना क्षेत्र के गांव के पास बुधवार को ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही कक्षा 12वीं की नाबालिग दिव्यांग छात्रा को पांच युवकों ने घेर लिया। वे छात्रा से छेड़छाड़ करने लगे। छात्रा ने विरोध किया तो उसे साइकिल से गिराकर पीटा और ब्लेड मार दिया। इसके बाद युवक भाग गए। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सिरसा कलार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने थाना पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बुधवार की सुबह उसकी दिव्यांग बहन कुठौंद से ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही थी। कुठौंद-टिकरी मार्ग पर एक गांव के पास ट्यूबवेल के सामने उसे गौरव और अमन समेत तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। छात्रा के भाई का आरोप है कि युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
छात्रा ने विरोध किया तो इन युवकों ने उसकी पिटाई की और साइकिल से गिरा दिया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने ब्लेड फेंककर मारा, जिससे वह घायल हो गई। छात्रा के शोर मचाने के बावजूद युवक उसके साथ अभद्रता करते रहे। इसके बाद धमकी देकर भाग गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को घायल अवस्था में कुठौंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया।
पुलिस ने गौरव, अमन और तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
चिल्लाती रही दिव्यांग किशोरी, नहीं माने आरोपी
छात्रा के भाई का आरोप है कि उसकी बहन दिव्यांग है। आरोप है कि उसकी बहन युवकों के आगे चिल्लाती रही, पर युवक नहीं माने और लगातार उसके साथ छेड़छाड़ करते रहे। जब बहन ने कहा कि वह इसकी शिकायत घर पर करेगी, तब उसे पीटा और धमकाया।
वर्जन
छात्रा ने ब्लेड फेंककर मारने का बयान दिया है। उसके भाई ने दो लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दी है। मामले की जांच कर रहा हूं। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- विनय कुमार, एसपी जालौन