कोंच। नदीगांव कस्बे में महिला का शव मिला है। महिला के सिर में चोट लगी थी जिसके चलते उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। उधर, मृतका का पति अपनी पत्नी के गुम होने की सूचना देने थाने पर पहुंचा था। मायके वालों ने पुलिस को तहरीर देकर ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक सुबह तकरीबन 5 बजे नदीगांव कस्बे में लोग शौचक्रिया के लिए गए थे तभी नावली पुराने बस स्टैंड के पास झाड़ियों में एक महिला का शव दिखाई दिया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जब उसकी शिनाख्त कराई तो मृतका की पहचान सरिता वर्मा (35) निवासी नदीगांव के रूप में हुई।
पुलिस ने थाने में बैठे मृतका के पति मनोज से भी पुष्टि कर शव का पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। एसएचओ नदीगांव रूपकृष्ण त्रिपाठी का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। इधर सरिता के पिता भूपनारायण पुत्र खानजू निवासी भेंपता थाना कैलिया ने सीओ को प्रार्थना पत्र देकर ससुरालियों पर दहेज में पचास हजार रुपए और सोने के जेवर के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका की शादी दस वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी चार नाबालिग बेटियां हैं।