उरई। धनतेरस पर खरीदारी कर लौट रहे दो लोगों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने एक अधेड़ को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पर रास्ते में उसकी मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना कर शव को पीएम के लिए भेजा जा रहा है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम जमलापुर जुनारदार निवासी विजय मिश्रा (45) गांव के ही बंटी के साथ मंगलवार शाम को धनतेरस की खरीदारी करने कस्बा कुठौंद गया था। खरीदारी करके देर शाम दोनों जब पैदल लौट रहे थे। तभी क्षेत्र के बरीका पुरवा मोड़ के पास ट्रैक्टर ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग खून से लथपथ हो गए। जबकि चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया पर रास्ते में विजय की मौत हो गई। जबकि बंटी की भी हालत गंभीर है। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।