उरई। वृद्धा का शव घर में संदिग्ध हालात में फांसी पर लटका मिला। सुबह परिजनों ने जब महिला को फांसी पर लटका देखा। तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मायके से पहुंचे परिजनों ने वृद्धा को मारने का आरोप लगाया। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर निवासी बाबूलाल की 60 वर्षीय पत्नी बीना का शव मंगलवार की सुबह घर के कमरे में लगे हुक से साड़ी से लटका मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मृतका के पति बाबूलाल ने बताया कि वह मजदूरी करता है। उसके चार पुत्री व एक पुत्र है। सभी की शादी हो चुकी है। पुत्र संतोष बहू सीमा के साथ घर से अलग रहता है। वहीं सूचना पाकर मृतका के मायके धगुवाखुर्द से पहुंचे भाई अतरसिंह, पाल, संतराम का आरोप है कि उनकी बहन के नाम मकान व एक एकड़ जमीन है। जिसको लेकर बहनोई बाबूलाल से अक्सर विवाद चलता था। उनका आरोप है कि उसकी बहन को मारकर फांसी पर लटकाया गया है। फिलहाल मायके वालों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।