उरई। ट्रेन से जा रहे युवक की हालत बिगड़ गई। उसके साथ के लोगों ने जानकारी जीआरपी पुलिस को दी। पुलिस ने युवक को उरई स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं सूचना पाकर उसके घर से परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए है।
कुशीनगर एक्सप्रेस से मुंबई से चलकर गोंडा जा रहे बृजेश कुमार (22) निवासी मंहगीलालपुरवा थाना विशेस्वरगंज जिला बहराइच की सोमवार की देर शाम ट्रेन में तबीयत बिगड़ गई। उसने साथियों को बताया कि पेट में दर्द हो रहा है। इस पर साथियों ने इसकी जानकारी जीआरपी को दी। पुलिस ने उरई स्टेशन पर युवक को उतारा और अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे उसके भाई पंकज कुमार ने बताया कि बृजेश मुंबई में रहकर मजदूरी करता था और वह मुंबई से घर बहराइच आ रहा था। जब ट्रेन एट के पास पहुंची तो युवक की हालत बिगड़ गई। मृतक की एक वर्ष पहले शादी हुई थी। अभी उसके कोई बच्चा नहीं था। उसकी मौत से पत्नी रीतू देवी मां बच्ची देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक चार भाइयो में दूसरे नंबर का था।