उरई। जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) जालौन पांच जून से पुलिस लाइन ग्राउंड में सात दिवसीय क्रिकेट समर कैंप का आयोजन करेगा। इस कैंप का उद्देश्य जिले के युवा और प्रतिभावान खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करना है। इच्छुक खिलाड़ी दो जून तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
डीसीए जालौन के सचिव विकास कुमार शर्मा ने बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव के कोच कपिल पांडे खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण देंगे। रणजी खिलाड़ी बिजेंद्र सिंह और आमिर शरीफ भी क्रिकेट की तकनीकी बारीकियां सिखाएंगे। वे खेल कौशल और मैच की रणनीतियों पर भी मार्गदर्शन करेंगे। प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे से 9:30 बजे तक कैंप चलेगा। प्रशिक्षण में खिलाड़ियों के खेल कौशल, फिटनेस, फील्डिंग, बल्लेबाजी, गेंदबाजी और मानसिक तैयारी पर ध्यान दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और प्रशिक्षण पूरा होने पर प्रमाणपत्र मिलेंगे।