उरई। कोतवाली पुलिस ने संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई करते हुए चेन स्नेचिंग के आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लूटा गया मंगलसूत्र, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। एएसपी ने टीम को 25 हजार इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, 27 मई को संतोष गुप्ता ने कोतवाली उरई में तहरीर देकर बताया था कि उनकी माता सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया था। घटना के संबंध में कोतवाली उरई में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी करमेर रोड के संपर्क मार्ग पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की फायरिंग के दौरान तुफैलपुरवा, इंद्रानगर निवासी शाहरुख के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद मंगलसूत्र वही है, जिसे उसने दो दिन पहले मालगोदाम के पास एक वृद्ध महिला के गले से झपटकर छीना था। वह उसे बेचने की फिराक में था लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा लूटा गया मंगलसूत्र बरामद किया है। सूचना पर एएसपी डॉ. ईशान सोनी मौके पर पहुंचे, उन्होंने बताया कि आरोपी पर पहले से नौ मामले दर्ज हैं। इसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। उन्होंने टीम को इनाम देने की घोषणा की है।