उरई। विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के तत्वावधान में रविवार 28 नवंबर से गांधी इंटर कालेज में श्रीमद्भागवत कथा शुरू हो रही है। कथा शुभारंभ से पहले शनिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में काफी संख्या में महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर भजन कीर्तन करते हुए चल रही थीं। गाजे बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा का भक्तों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कलश यात्रा में भगवान की वेशभूषा में बच्चे भी शामिल रहे।
कलश यात्रा राठ रोड स्थित संकटा देवी मंदिर से शुरू हुई। इसके बाद घंटाघर चौराहा, शहीद भगत सिंह चौराहा, होते हुए कथा स्थल गांधी इंटर कालेज पहुंचकर समाप्त हुई। कलश यात्रा में सबसे आगे कथा के परीक्षित लता-राकेश गुप्ता, माधुरी-मुकेश गुप्ता, नीलम-जगदीश व मुख्य यजमान विमला छदामीलाल चल रहे थे।
ट्रस्ट के शरद शर्मा, श्याम शर्मा, ब्रजकिशोर गुप्ता, जयशंकर द्विवेदी, राजीव पाठक, हरिकिशोर गुप्ता आदि ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा 28 नवंबर से चार दिसंबर तक होगी। चार दिसंबर को कथावाचक चिन्मयानंद बापू के जन्मदिन पर पांच कन्याओं का सामूहिक विवाह कार्यक्रम भी होगा। पांच दिसंबर को भंडारा होगा।