युवक ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। जांच के लिए पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि युवक ने मोहल्ले के ही दो लोगों से ब्याज पर रुपये लिए थे। सप्ताह भर पहले इन लोगों ने घर आकर युवक को धमकाया था। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाली के मोहल्ला तुफैलपुरवा निवासी संतोष कुमार (35) पुत्र नत्थू दिल्ली में रहकर ठेकेदारी पर मजदूरों से काम काम कराता था। इसमें उसे घाटा हो गया। पिता नत्थू ने बताया कि उसने दिल्ली जाने से पहले मोहल्ले के ही लोगों से ब्याज पर पैसा लिया था। बताया कि वह आठ दिन पहले ही घर आया था। घर आने पर सूदखोराें ने उससे रुपये मांगे, लेकिन घाटा होने के कारण वह रुपये वापस नहीं कर सका।
इस पर सूदखोरों ने उसे धमकाया भी, इससे वह परेशान हो गया। मानसिक तनाव के चलते उसने बुधवार की रात खाना भी नहीं खाया और छत पर सोने चला गया। देर रात जब परिजन सो गए तो संतोष नीचे कमरे में आया और पंखे के हुक से फांसी लगा ली। सुबह जब परिजन जागे तो कमरे में उसका शव फांसी पर लटका देखकर चीख पड़े।
सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसआई सुनील तिवारी ने बताया कि अभी परिजनाें ने कोई तहरीर नहीं दी है। परिजन सूदखोराें पर आरोप लगा रहे हैं। वे मामले की जांचकर कार्रवाई करेंगे। पुलिस सूदखोरों के बारे में भी पता कर रही है।