उरई (जालौन)। गृह कलह में पत्नी के बच्चे समेत कहीं चले जाने से परेशान युवक ने कमरे में लगे हुक से फांसी लगाकर जान दे दी। जब परिजनाें ने उसके शव को फांसी पर लटकते देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनाें के मुताबिक मृतक की पत्नी एक माह पहले मासूम बेटे को लेकर चली गई। इससे युवक काफी आहत था और इसी के चलते उसने आत्महत्या की है।
आटा थाना के गांव सुनहटा निवासी रामअवतार (24) पुत्र मुन्ना लाल अपने मामा के यहां उरई के कांशीराम कालोनी में पत्नी व दो साल के बेटे के साथ रहता था। वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। बुधवार की रात उसने अपने कमरे में बंद होकर हुक से फांसी लगा ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो मामा रामकिशोर ने खिड़की से झांककर देखा। उसका शव फांसी पर लटक रहा था। मामा ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को उतारने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामा ने बताया कि 6 दिसंबर को रामअवतार की पत्नी बच्चे को लेकर कहीं चली गई। इससे वह काफी आहत था। इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि परिजन कोई तहरीर देते हैं तो उसकी जांचकर कार्रवाई करेंगे।