शहर कोतवाली क्षेत्र अजनारी रोड नया रामनगर निवासी शशिकांत शाक्यवार ने पुलिस को तहरीर दी कि शुक्रवार की रात वह अपने परिवार के साथ छत पर बने कमरे में सो रहे थे। बाकी घर के अन्य लोग अलग अलग कमरों में सो रहे थे। रात में छत के रास्ते से घुसे चोरों ने कमरे में रखा सूटकेस व अलमारी तोड़कर सोने के कंगन, हार, झुमकी, बाला, झाला, दस चांदी के सिक्के, दो सोने की चेन, चार अंगूठी, पायल, तोड़िया सहित 200 ग्राम चांदी व दो लाख 26 हजार रुपये चोरी कर लिए।
चोरों ने उनके व मां के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी। सुबह जागने पर जब बाहर से कुंडी लगी होने की जानकारी हुई तो अन्य परिजनों व पड़ोसियों को आवाज देकर कमरों की कुंडी खुलवाई। अलमारी व सूटकेस में रखा सामान देख चोरी हो जाने का पता चला। इसकी सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। मौैके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया। शशिकांत ने बताया कि वह एलआईसी में एजेंट है और प्राइवेट जॉब भी करता है। पालिसी के लिए जमा करने वाले पैसे घर में रखे थे। जो चोर चुरा ले गए। पुलिस चोरों का पता लगाने में जुट गई है।