खुली पड़ी तिजोरी व बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : amarujala
छिबरामऊ। प्रेमपुर में सराफ की दुकान में सेंध लगाकर चोरों ने लाखों के जेवरात व नगदी पार कर दी। सुबह दुकान में हुई चोरी की जानकारी होते ही मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
छिबरामऊ निवासी आदर्श कुमार लालू वर्मा की प्रेमपुर में महाबली बालाजी ज्वैलर्स की दुकान है। शुक्रवार की रात किसी समय चोरो ने उनकी दुकान की दीवाल में सेंध लगा कर तिजोरी से नगदी व सोने चांदी के जेवरात पार कर दिए। शनिवार की सुबह पड़ोसी दुकानदार जब अपनी दुकान खोलने पहुंचा तो देखा उसका तख्त सराफ की दुकान की दीवार की आड़ में रखा गया है। तख्त हटाया तो दीवार में सेंध देखी। उन्होंने तत्काल सराफ व्यापारी को फोन कर घटना की जानकारी दी। चोरी की जानकारी होते ही दुकान मालिक लालू दुकान पर पहुंचा और दुकान खोल कर अंदर का नजारा देखा तो उसके होश उड़ गए। सभी सामान बिखरा पड़ा था, तिजोरी खुली पड़ी थी उसमें रखे जेवरात व नगदी गायब थी। दुकानदार ने बताया कि चोर उसकी दुकान से सात गाय (प्रतीकात्मक) सोने की, चार किलो चांदी के जेवरात समेत 10 हजार की नगदी पार कर ले गए। चोरी की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी रामसिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित ने कोतवाली में चोरी की तहरीर दी है। छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।