चोरों द्वारा अलमारी के तोड़े गए लॉकर को दिखाता गृह स्वामी।
- फोटो : amar ujala
डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्ली में बुधवार रात चोरों ने चार घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। सबसे पहले गांव के गोविंद पुत्र कामता प्रसाद के घर में मुख्य दरवाजे से घुसे चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे लाखों के जेवर व 50 हजार की नगदी पार कर ली। इस बाद चोर गोविंद के छोटे भाई रविंद्र के घर पर छत के रास्ते से घुसे और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर 52 हजार रुपये और लाखों रुपये के जेवर ले गए। घटना के समय दोनों परिवारों के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे।
इसके बाद चोरों ने पड़ोस में रहने वाले राम कुमार पुत्र श्यामलाल के घर को निशाना बनाकर अलमारी तोड़ने का प्रयास किया मगर वह अलमारी का लॉकर तोड़ने में नाकामयाब रहे तो बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे पांच हजार रुपये ले गए। इसके बाद चोरों ने कमलेश पुत्र देवव्रत, लखनपाल पुत्र भागीरथ के घरों में घुसकर अलमारियों के लॉकर तोड़ने का प्रयास किया। मगर तोड़ नहीं पाए। सुबह सोकर जागे लोगों ने जब अलमारी व बक्से के ताले टूटे देखे तो उन्हें चोरी हो जाने का पता चला।
पीड़ितों ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे डकोर एसआई ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही चोर पकड़े जाएंगे। गोविंद सिंह ने बताया कि यह गांव में लगातार पांचवीं चोरी की वारदात है। इससे पूर्व भी ग्रामीणों के यहां से लाखों की चोरी हो चुकी है। मगर आज तक कोई भी चोरी का खुलासा नही हो सका है और न ही आज तक कोई भी चोर पकड़ा जा सका है। जिससे चोरो के हौसले बुलंद हैं। पुलिस गश्त न होने से चोर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।