एट थाना के मुहल्ला पटेलनगर निवासी ट्रांसपोर्टर के घर में छत के रास्ते घुसे चोर कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सवा दो लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवर सहित करीब पांच लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। सुबह परिजन जब जागे तो सामान बिखरा देख सन्न रह गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और साक्ष्य संकलन के बाद कार्रवाई की बात कही है।
एट थाना के मुहल्ला पटेल नगर निवासी ट्रांसपोर्टर रामनरेश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार की रात वह परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। देर रात चोर छत के रास्ते घर में घुस आए और कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखी अलमारी से दो लाख 25 हजार रुपये, एक सोने का हार, चार सोने की चूड़ियां और दो अंगूठी समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान उठा ले गए।
सुबह जब परिजन कमरे में आए तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित गृह स्वामी थाना पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन करने के बाद कार्रवाई की बात कही है। बताते चलें इससे पहले भी राजमार्ग स्थित एक मकान का ताला तोड़कर चोर लाखाें रुपये का सामान उठा ले गए थे। इस मामले का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।