रामपुरा। थाना क्षेत्र के नावर गांव में बुधवार रात किसान के घर से चोर नगदी, जेवर सहित करीब एक लाख का माल पार कर ले गए। वारदात के वक्त किसान की पत्नी घर में अकेली थी, वह जिला मुख्यालय उरई गया था। लोगों की सूचना पर पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित ने थाने में तहरीर दे दी है, फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव नावर निवासी संतोष पुत्र हरीराम परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार को वह किसी काम से जिला मुख्यालय उरई गए थे। घर में पत्नी रमाकांती अकेली थी। बुधवार रात खाना खाने के बाद रमाकांती कमरे में सो गए। देर रात छत के रास्ते चोर घर में घुस गए। अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर चोर जंजीर, तोड़िया, बाली, अन्य सामान के अलावा 30 हजार रुपये चुरा ले गए। सुबह उठने पर रमाकांती ने सामान बिखरा देखा तो उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग घर पहुंच गए। लोगों ने संतोष के साथ पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में चौकी इंचार्ज उदयपाल सिंह मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। कुछ समय बाद संतोष भी घर पहुंच गया। उसने थाने जाकर तहरीर दी। एसओ का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।