पति से विवाद होने पर पत्नी मायके चली गई। इससे क्षुब्ध पति ने कमरे में लगे पंखे के हुक से फांसी लगाकर जान दे दी। फंदे पर लटकता देख परिजनाें ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कालपी कोतवाली प्रभारी ईश्वर सिंह ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कालपी कोतवाली के मोहल्ला कागजीपुरा निवासी विजय अहिरवार (41) पुत्र स्वर्गीय हरचरण नलकूप आपरेटर था। शनिवार की दोपहर करीब एक बजे उसका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे खिन्न होकर पत्नी अपने मायके बिवांर हमीरपुर चली गई। यह बात विजय को नागवार गुजरी। उसने रात में अपने कमरे में बंद होकर पंखे के हुक से फांसी लगा ली।
सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनाें ने दरवाजा खटखटाया। कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो खिड़की से झांककर देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। यह देख परिजनाें में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल ईश्वर सिंह ने बताया कि पारिवारिक कलह के चलते युवक ने फांसी लगाई है।