सीएचसी के बाहर बैठे आकाश के गमगीन परिजन। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव जमरेही अव्वल निवासी मगन कुशवाहा का 15 वर्षीय पुत्र आकाश अपने दोस्तों के साथ रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे गालमपुरा माइनर में नहाने गया था। तभी आकाश गहरे गड्ढे में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ नहाने गए चार दोस्तों ने आकाश को बचाने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा पानी के चलते वे बचा नहीं सके और वह डूब गया।
इस पर उन्होंने आकाश के घर में सूचना दी, मौके पर पहुंचे परिजनों ने काफी खोजने के बाद आकाश को गहरे गड्ढे से निकाला और आननफानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची तो मातम पसर गया। उधर मृतक की मां गुड्डी देवी व भाई विकास का रो-रो कर बुरा हाल है। आकाश बुंदेलखंड इंटर कालेज में दसवीं का छात्र था।