बता दें कि रविवार सुबह रामपुरा थाना क्षेत्र के जगम्मनपुर में नशे के लती पति अरुण शुक्ला उर्फ बबलू ने पत्नी ज्योति (30) से शराब के लिए पैसे मांगे थे। जब पत्नी ने रुपये देने से इंकार किया तो पति ने पत्नी की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी थी और मौके से भाग गया था। ग्राम प्रधान जगम्मनपुर राहुल मिश्रा की तहरीर पर थाना पुलिस ने हत्यारोपी पति अरुण शुक्ला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के सात वर्षीय पुत्र आयुष ने रविवार को मां के शव का अंतिम संस्कार किया।
पुलिस आयुष की निशानदेही पर हत्या रोपी की तलाश में जुटी हुई है। सूत्रों की मानें तो आयुष ने कुछ रिश्तेदारी और अरुण के करीबियों के नाम पुलिस को बताए हैं। लिहाजा पुलिस अरुण की तलाश में दबिश देने के लिए एमपी रवाना भी हो गई है। थानाध्यक्ष का कहना है कि हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गई हैं। वह संभावित स्थानों पर हत्यारोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि मृतका ज्योति ने बबलू के साथ परिजनों के बिना मर्जी के शादी की थी। जिससे नाराज परिजन उसकी मौत के बाद भी नहीं आए।