हदरूख बंबे के पास पड़ा मिला शव
शरीर पर चाकू के घाव, जेवर भी नदारद
अमर उजाला ब्यूरो
उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात सराफा कारोबारी को लूटने के बाद हत्या कर दी गई। शरीर पर चाकू के घाव हैं। कारोबारी का शव बंबा किनारे पड़ा मिला। परिजनों का कहना है कि सराफ खरीदारी के लिए जालौन गया था। उसके पास लाखों के जेवर भी थे, जो नदारद हैं। सीओ संजय शर्मा का कहना है कि फिलहाल जांच की जा रही है।
कुठौंद के हदरूख निवासी सराफ हरिओम सोनी (55) बुधवार सुबह घर से जालौन सोने -चांदी की खरीदारी करने के लिए निकले थे। वह देर शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी बीच रात करीब आठ बजे हदरूख बंबा के पास उधर से गुजर रहे दूधिए ने हरिओम का शव देखा और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें उठाकर जालौन के सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। हरिओम के शरीर पर चाकू के वार के कई निशान हैं। उनके पास मौजूद पैसे व जेवर भी गायब हैं। परिजनों ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई है। सीओ का कहना है कि सराफ ने कहां से और कितने की खरीदारी की या फिर आभूषण बनाने के लिए सोना चांदी दुकानों से उठाया, इसकी जांच की जा रही है। इस बारे में जालौन के सराफा कारोबारियों से पूछताछ की जा रही है। मामला लूटपाट के बाद हत्या का लग रहा है।