सवितापुर में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
कंपिल। थानाक्षेत्र के गांव सवितापुर में एक घर में घुसे चोर करीब चार लाख रुपये कीमत के जेवरात व नगदी चुरा ले गए। जानकारी पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना की तहरीर थाने में दी गई है। अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई है।
थानाक्षेत्र के गांव सवितापुर निवासी बैंक मित्र एवं किसान ओमशरण पत्नी सोनी देवी के साथ छत पर सो रहे थे। उनकी माता सुदामा देवी व पिता हंशराज घर से बाहर चौपाल पर लेटे थे। रात में चोर छत से होते हुए घर में घुस गए। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे बक्शे व सूटकेश उठा ले गए। सुबह जब परिजन सोकर उठे तो कमरे में सामान बिखरा देखकर चोरी का पता चला।
शोरगुल सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। आसपास छानबीन करने पर भुड़िया नाले के पास सूटकेश टूटा मिला, उसमें रखा सामान गायब था। गृहस्वामी ओमशरण ने बताया कि चोर एक जोड़ी झाला, एक माथे का टीका, दो जोड़ी चांदी की कमरबंद, पांच सोने की अंगूठी समेत साढ़े तीन लाख रुपये कीमत के जेवर, 66 हजार रुपये की नगदी चुरा ले गए।
घरेलू काम से 36 हजार रुपये कुछ दिन पहले ही बैंक से निकाले थे, जबकि शेष 30 हजार रुपये उधार लेकर रखे थे। चोरी की सूचना थाने में दी गई। इस पर दरोगा मुनेंद्र सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि चोरों को जल्द पकड़ा जाएगा। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।