हुसेपुरा गांव में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव घर के ही अपने कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद से विवाहिता का पति फरार है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। रामपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के हुसेपुरा जागीर गांव निवासी रंजना (26) पत्नी कल्लू दोहरे की बुधवार दोपहर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव घर के ही कमरे में फंदे पर लटका मिला। हादसे के वक्त परिजन घर में ही मौजूद थे। रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण घर के बाहर इकट्ठे हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतराकर कब्जे में ले लिया। रंजना की मौत के बाद से ही पति कल्लू कहीं भाग गया है। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि रंजन ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, लेकिन उसकी वजह उन्हें पता नहीं है। उधर, ग्रामीणों से जानकारी मिलते ही रंजना के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए।..
रंजना के चचेरे भाई औरैया के तुरकीपुर निवासी योगेश ने ससुरालियों पर बहन हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि ससुरालीजन पिछले कई माह से उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। उसने ससुरालियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कही है।
रंजना का शव फंदे पर लटका मिलना और घर में सभी सदस्यों की मौजूदगी किसी के गले नहीं उतर रहा है। सूत्रों की मानें तो बुधवार की सुबह कल्लू ने रंजना को किसी बात को लेकर बेरहमी से पीटा था। इससे वह सुबह से ही कमरे में बैठी रो रही थी। यह कोई पहली बार नहीं है बल्कि कल्लू आए दिन उसके साथ मारपीट करता था।
दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन रंजना को काफी प्रताड़ित करते थे। उसके साथ आए दिन मारपीट करना व उसका उत्पीड़न करना उनके लिए रोज की बात हो गई थी। पिछले साल ससुरालियों ने रंजना को घर से निकाल दिया था। इस पर गांव की पंचायत में हुए फैसले के बाद ससुराली फिर से उसे अपने साथ ले गए थे।