मोबाइल टावर के गार्ड से एक शातिर अपराधी ने उसके ही घर जाकर पांच हजार रुपये रंगदारी मांगी। युवक ने पैसे देने से इंकार कर दिया। इस पर हमलावर ने उसे तमंचे से गोली मार दी। फायर होते समय नाल के आगे हाथ लगा देने से गोली हथेली में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। परिजनाें ने उसे लहूलुहान हालत में सीएचसी में
भर्ती कराया और थाना पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले में जांच की बात कहकर कार्रवाई की बात कही है। कदौरा थाना क्षेत्र के गांव चंदरसी निवासी विजय कुमार अहिरवार (41) गांव के बाहर लगे टावर पर गार्ड है। आरोप लगाया कि गांव का ही दबंग शातिर अपराधी शिवकुमार राजपूत रविवार की सुबह उसके घर पर आ धमका। उस समय वह घर के
दरवाजे पर बैठा था। तभी शिवकुमार ने गाली देकर पांच हजार रुपये रंगदारी के मांगे। उसने रुपये देने से इंकार कर दिया तो आरोपी ने उस पर तमंचा तान दिया। अपराधी ने धमकाते हुए गोली चला दी। बचाव में हाथ आगे कर देने से गोली उसके हथेली को चीरते हुए निकल गई। आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी तो उसने घर के अंदर छिपकर जान बचाई।
पीड़ित ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष रुद्र कुमार सिंह ने बताया कि वह जांचकर कड़ी कार्रवाई करेंगे। बताते चलें कि आरोपी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ कई
मामले दर्ज हैं। वह आए दिन ग्रामीणाें को पीट कर पैसे की उगाही करता है लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।