जालौन के हरदोई गूजर, कोटरा व कोंच इलाके में शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ से पौने नौ बजे के बीच तेज धमाकों की आवाज सुनी गई। इस दौरान क्षेत्रीय लोगोें ने वहां से तेज गति से लड़ाकू विमान को गुजरते देखा। इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं पुलिस इस संदर्भ में किसी भी तरह की जानकारी होने से साफ मना कर रही है। पुलिस मामले की
पड़ताल करने में जुटी हुई है। पहला धमाका हरदोई गूजर में करीब साढ़े आठ बजे हुआ। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार यहां एक ही धमाका हुआ पर यह इतना शक्तिशाली था कि घरों के खिड़की दरवाजे तक हिलने लगे। हालांकि इस दौरान जानमाल के किसी नुकसान की खबर नहीं मिली। हरदोई गूजर की घटना के पांच मिनट बाद दूसरा धमाका 12 किमी दूर कोंच में रात करीब
8.35 बजे हुआ। कोंच प्रतिनिधि के अनुसार धमाका आसमान में ही हुआ और इसकी तीव्रता इतनी थी कि यहां भी लोग घर से बाहर निकल आए और खिड़की दरवाजे तक हिल गए। कोंच प्रतिनिधि के अनुसार यहां भी जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। कोंच से करीब 40 किलोमीटर दूर एट के सैदनगर कोटरा के पास बेतवा नदी के किनारे स्थित जंगलों के ऊपर
आसमान मेें रात करीब 8.45 पर दो बड़े धमाके हुए। कोटरा प्रतिनिधि के अनुसार ये धमाके भी इतने शक्तिशाली थे कि कोटरा बाजार में दुकानदार दुकानें बंद कर घर भाग गए। वहीं
कोटरा गांव में कई लोग अनहोनी की आशंका से घर से बाहर निकल आए। इसके बाद कोटरा में भी एक लड़ाकू विमान तेजी से निकलता दिखाई दिया। इससे लोग सहम गए। वहीं, जानकारी पाकर मौके पर पुलिस बल भी रवाना हो गया। पुलिस के अनुसार वह मामले की जांच कर रही है।
तीनों ही जगहों पर आसमान में हुए धमाके
हरदोई गूजर, कोंच और कोटरा तीनों ही जगहों पर जो धमाके हुए वह आसमान मेें ही हुए। इन तीनों धमाकों के बाद बादल के गरजने की आवाज केे साथ लड़ाकू विमानों के उड़ने की बात सामने आई। वहीं कोटरा में रात साढ़े दस बजे तक थोड़ी थोड़ी देर में बादल के गरजने जैसी आवाज लगातार होती सुनाई दे रही थी।
कहीं सेना की कोई मॉक ड्रिल तो नहीं
कोंच और कोटरा में हुए धमाकों और वहां लड़ाकू विमान देखे जाने के बाद लोगाें में इस तरह की चर्चा है कि कहीं सेना कोई मॉक ड्रिल तो नहीं कर रही। वहीं कोटरा और कोंच में जिस स्थान पर इन धमाकों के होने की बात कही जा रही है वह रिहाइशी इलाकों से काफी दूर हैं। और इस दौरान खबर लिखे जाने तक तीनों ही जगहों पर किसी भी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली।
धमाकों की जानकारी नहीं-एसपी
एसपी राकेश कुमार ने बताया कि वे लोगों से मिल रही सूचना के आधार पर जानकारी करा रहे हैं। वैसे कथित घटना के करीब एक घंटे बाद तक पुलिस को जान मान के नुकसान की विषय में सूचना न होने की उन्होंने बात कही। साथ ही कहा कि सेना यदि कोई माक ड्रिल करती तो इसकी सूचना पुलिस को पहले देती। उन्होंने घटना को संदिग्ध माना।