दो दिन पूर्व कालेज गई छात्रा को मोहल्ले का ही एक हाफिज अगवा कर ले गया। छात्रा के भाई ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, बाद में जानकारी होने पर उसने पुलिस को आरोपी का नाम बताया। इस पर मामला अपहरण में तरमीम कर दिया गया। इस पर पुलिस आरोपी के पिता को उठा लाई। तभी छात्रा का भाई कोतवाली पहुंचा और लाकअप के बाहर
बैठे आरोपी के पिता को पीट दिया। इससे गुस्साई पुलिस ने छात्रा के भाई को पीट दिया। इससे वहां पर भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। इसकेे बाद स्थिति को बिगड़ते देख वहां पर पीएसी को तैनात कर दिया गया। जानकारी पाकर एसडीएम और सीओ भी कोतवाली पहुंच गए। बातचीत के बाद छात्रा को जल्द बरामदगी की बात पर दोनों पक्ष शांत हो गए। कस्बा की रहने
वाली वर्ग विशेष से संबंधित बीए की एक छात्रा 25 जुलाई को घर से कालेज जाने के लिए निकली, लेकिन फिर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद उसके भाई ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज करा दी। बुधवार को उसे पता चला कि बहन को ईदगाह के पास रहने वाला हाफिज अब्दुल रशीद उर्फ कल्लू अपने दो अन्य साथियों की मदद से अगवा कर ले गया है। तो उसने
नामजद तहरीर दे दी। इस पर पुलिस ने मामला अपहरण में तरमीम कर दिया। इसके बाद पुलिस आरोपी हाफिज के पिता को कोतवाली उठा लाई। इसी बीच छात्रा का भाई कोतवाली पहुंचा और उसने युवक को पीट दिया। इसके बाद छात्रा के भाई ने अपने समुदाय के सैकड़ों लोगों को कोतवाली के बाहर इकट्ठा कर लिया। पुलिस के खिलाफ जब नारेबाजी शुरू हुई तो
कोतवाल मनवीर सिंह, खेड़ा चौकी इंचार्ज ब्रजेश यादव, सागर चौकी इंचार्ज रवींद्र कुमार त्रिपाठी, दरोगा उदयपाल सिंह, जयवीर सिंह, विनोद कुमार त्रिपाठी, राजेन्द्रप्रसाद दुवे व पीएसी मौके पर पहुंची। एसडीएम गोरेलाल शुक्ला तथा सीओ अवधेश कुमार शुक्ल भी मौके की नजाकत भांप कोतवाली पहुंच गये। इसके बाद कोतवाली के बाहर एहतियातन पीएसी तैनात कर दी गई। इसके बाद अफसरों ने भीड़ को समझाकर शांत कर दिया।
छात्रा की बरामदगी को तीन टीमें
बीए की छात्रा को अगवा किए जाने के मामले में सीओ अवधेश कुमार शुक्ल का कहना है कि पुलिस इस मामले में पूरी तत्परता से कार्रवाई कर रही है। रिपोर्ट दर्ज कर अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस की तीन टीमें बना कर उन्हें लगाया गया है।